आयुर्वेद विश्वविद्यालय की नीट काउंसिलिंग में अंकों का खेल! छात्रा के दो स्कोर कार्ड मिलने पर उठे सवाल

  • एक स्कोर कार्ड में 315 तो दूसरे में मिले 215 अंक.
  • विश्वविद्यालय ने जताई कूटरचना की आशंका.
  • डोईवाला कोतवाली में दी शिकायत, प्राथमिकी दर्ज करने की मांग.

देहरादून। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की नीट यूजी काउंसिलिंग में एक अभ्यर्थी के अंकों को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। काउंसिलिंग के दौरान एक ही छात्रा के दो अलग-अलग स्कोर कार्ड और आवेदन पत्र प्रस्तुत किए जाने से विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोनों स्कोर कार्ड में नीट के अंकों में 100 अंकों का अंतर पाए जाने के बाद विश्वविद्यालय ने मामले को संदिग्ध मानते हुए कूटरचना की आशंका जताई है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की जांच कराने की मांग की है।

विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव संजीव कुमार पांडेय ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि 24 नवंबर को आयोजित मॉप-अप राउंड काउंसिलिंग के दौरान फरीदाबाद, हरियाणा निवासी अनुराग खरे अपनी पुत्री आस्था खरे की काउंसिलिंग के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने छात्रा का नीट यूजी स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया, जिसमें 315 अंक दर्ज थे। हालांकि, विश्वविद्यालय के आधिकारिक अभिलेखों में उपलब्ध स्कोर कार्ड के अनुसार छात्रा के अंक 215 थे।

उपकुलसचिव के मुताबिक, विश्वविद्यालय की ओर से 23 नवंबर को ईमेल के माध्यम से भी संबंधित अभ्यर्थी को 215 अंकों वाला स्कोर कार्ड भेजा गया था। इसके बावजूद अगले दिन काउंसिलिंग के समय 315 अंकों वाला स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया गया। मामले की जांच के दौरान छात्रा के नाम से दो अलग-अलग आवेदन पत्र भी सामने आए। इनमें से एक आवेदन में 315 और दूसरे में 215 अंक दर्ज थे।

बार कोड स्कैन करने पर भी मिले 215 अंक

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, प्रस्तुत किए गए स्कोर कार्ड पर अंकित बार कोड को स्कैन करने पर भी 215 अंक ही प्रदर्शित हुए। ऐसे में 315 अंकों वाले स्कोर कार्ड की प्रामाणिकता पर सवाल खड़े हो गए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे प्रकरण को काउंसिलिंग बोर्ड के समक्ष रखा। बोर्ड ने भी उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर मामले को संदिग्ध एवं कूटरचित मानते हुए विश्वविद्यालय को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उपकुलसचिव संजीव कुमार पांडेय ने कोतवाली डोईवाला में शिकायती पत्र सौंपकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

डोईवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से इस संबंध में शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों स्कोर कार्ड में अंतर किन परिस्थितियों में आया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *