8 से 10 जनवरी 2027 तक आयोजित होगी द्वितीय श्री घण्टाकर्ण कथा

  • देहरादून में श्री घण्टाकर्ण राष्ट्रीय विकास समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय।
  • तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन की तैयारियों पर हुई चर्चा।

देहरादून। श्री घण्टाकर्ण देवता के प्रति श्रद्धा और उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण तथा संवर्धन के उद्देश्य से द्वितीय श्री घण्टाकर्ण कथा का आयोजन आगामी 8 से 10 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। श्री घण्टाकर्ण राष्ट्रीय विकास समिति की रविवार, 22 नवंबर को देहरादून में आयोजित आम बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।

टिहरी नगर के निकट बंगाली कोठी में आयोजित बैठक में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और श्रद्धालुओं ने द्वितीय श्री घण्टाकर्ण कथा के आयोजन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में आयोजन की तिथि निर्धारित करने के साथ ही कथा को भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

समिति के अध्यक्ष सुशांत गैरोला ने बताया कि सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि तीन दिवसीय द्वितीय श्री घण्टाकर्ण कथा 8, 9 और 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कथा आयोजन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को देवभूमि की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना, आराध्य देवता श्री घण्टाकर्ण के प्रति आस्था को मजबूत करना तथा समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक जागरूकता और आपसी एकजुटता को बढ़ावा देना है।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की लोकदेवताओं से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं और परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं। इन परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी तक इनके प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। वक्ताओं ने कहा कि श्री घण्टाकर्ण देवता के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को देखते हुए कथा आयोजन को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक भक्त इसमें शामिल होकर धार्मिक एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकें।

समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी कथा आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग देने की अपील की। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भी सामूहिक सहभागिता और समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर शेखरानंद बिजल्वाण, लाखोराम बिजल्वाण, सुरेंद्र दत्त बिजल्वाण, दीपक बिजल्वाण, सुधीर बिजल्वाण, सुशांत गैरोला, वैभव खण्डूडी, आशीष नौटियाल, रामप्रसाद नौटियाल, कुंदन लाल बिजल्वाण, मुनी नौटियाल, प्रीती नौटियाल, सरिता भट्ट, जगमोहन सजवाण, महेशचंद्र बिजल्वाण, महेश चंद्र गैरोला, सीताराम सिंह सजवाण, ओमप्रकाश बिजल्वाण, सुंदर सिंह सजवाण, मुरारीलाल बिजल्वाण, एम.एस. सजवाण, मदन सिंह सजवाण और प्रशांत नौटियाल सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *