बीकेटीसी ने वीआईपी बिल भुगतान प्रकरण में गठित की जांच समिति, तीन सप्ताह में देगी रिपोर्ट

ऋषिकेश/देहरादून, 27 मई। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीआईपी आवास एवं भोजन बिल भुगतान संबंधी खबरों का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय विभागीय समिति का गठन किया है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर गठित समिति को तीन सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया में यह मामला सामने आया था कि श्री केदारनाथ धाम में विशिष्ट अतिथियों के आवास एवं भोजन आदि के बिलों का भुगतान मंदिर समिति के माध्यम से किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकेटीसी प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और तथ्यों को सार्वजनिक करने की बात कही है।

अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिरों में प्राप्त दान राशि का किसी भी स्तर पर दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गठित जांच समिति में वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी को शामिल किया गया है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ द्वारा समिति गठन के आदेश जारी कर दिए गए हैं। समिति की रिपोर्ट आने के बाद मंदिर समिति पारदर्शिता एवं जवाबदेही के सिद्धांतों के अनुरूप पूरे मामले के तथ्यों को सार्वजनिक करेगी।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *