बड़ी खबर :16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में SIR की घोषणा

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी है। इसके तहत देश के 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में व्यापक स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन और पुनरीक्षण किया जाएगा। आयोग के अनुसार यह अभियान मई 2026 से शुरू होकर दिसंबर 2026 तक चलेगा।

चुनाव आयोग ने बताया कि तीसरे चरण में करीब 3.94 लाख बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। आयोग का कहना है कि यह प्रक्रिया जनगणना के तहत चल रही गृह-सूचीकरण व्यवस्था के साथ समन्वय बनाकर संचालित की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

तीसरे चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, झारखंड, महाराष्ट्र, मिजोरम, मणिपुर, मेघालय, कर्नाटक, तेलंगाना, सिक्किम, नगालैंड और त्रिपुरा को शामिल किया गया है। वहीं केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली, चंडीगढ़ तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव में भी एसआईआर अभियान चलाया जाएगा।

चुनाव आयोग के मुताबिक, इस चरण के पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरे देश में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरा हो जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम और बर्फबारी की परिस्थितियों को देखते हुए कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।

दिल्ली में अंतिम मतदाता सूची 7 अक्तूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी, जबकि अन्य राज्यों में अंतिम मतदाता सूची सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच जारी होने की संभावना है।

गौरतलब है कि एसआईआर का पहला चरण केवल बिहार में लागू किया गया था। इसके बाद दूसरे चरण में छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में यह अभियान चलाया गया था। अब तीसरे चरण के जरिए चुनाव आयोग देशभर में मतदाता सूची को अद्यतन और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *