साइकिल से दफ्तर पहुंचे बंशीधर तिवारी, “नो व्हीकल डे” का दिया संदेश

देहरादून। उत्तराखंड शासन में अपर सचिव मुख्यमंत्री, महानिदेशक सूचना एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे बंशीधर तिवारी ने शनिवार को खुद उदाहरण पेश करते हुए “नो व्हीकल डे” की शुरुआत की। वह सहस्त्रधारा रोड स्थित अपने आवास से रिंग रोड स्थित सूचना निदेशालय तक साइकिल से पहुंचे। बंशीधर तिवारी का यह कदम केवल कार्यालय पहुंचने का माध्यम नहीं रहा, बल्कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जिम्मेदार प्रशासन का मजबूत संदेश भी बन गया।

प्रधानमंत्री Narendra Modi के ऊर्जा बचत आह्वान और मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देशों के क्रम में सूचना विभाग में प्रत्येक शनिवार “नो व्हीकल डे” मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी पहल के तहत सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और साइकिल जैसे विकल्प अपनाने की अपील की है।

इसके साथ ही एमडीडीए में भी उनके नेतृत्व में “तेल बचाओ मुहिम” चलाई जा रही है। इस अभियान के तहत ईंधन की बचत, सीमित बिजली उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। बंशीधर तिवारी ने इस पहल को केवल बैठकों और सरकारी आदेशों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं साइकिल चलाकर यह संदेश दिया कि बदलाव की शुरुआत खुद से करनी चाहिए।

तेजी से बढ़ते देहरादून शहर में ट्रैफिक जाम और बढ़ते प्रदूषण के बीच एक वरिष्ठ अधिकारी की यह पहल लोगों के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर उठाया गया यह छोटा कदम पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में बड़े बदलाव की सोच को मजबूती देता दिखाई दे रहा है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *