अलर्ट :नेटवाड़-मोरी हाइड्रो पावर स्टेशन से आज छोड़ा जाएगा पानी, प्रशासन ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

उत्तरकाशी। नेटवाड़-मोरी हाइड्रो पावर स्टेशन से गुरुवार को फ्लशिंग ऑपरेशन के तहत पानी छोड़ा जाएगा। परियोजना प्रबंधन की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार बैराज एवं डीसिल्टिंग टैंक में हेड लॉस के कारण सुबह 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक फ्लशिंग ऑपरेशन संचालित किया जाएगा।

परियोजना प्रबंधन ने बताया कि फ्लशिंग के दौरान बांध से पानी को क्रमिक चरणों में छोड़ा जाएगा, जिससे डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी संबंधित विभागों, परियोजना कर्मियों, स्थानीय प्रशासन और नदी तट के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों से अपील की गई है कि निर्धारित अवधि के दौरान नदी, नालों और जलधाराओं के निकट अनावश्यक रूप से न जाएं। साथ ही स्थानीय प्रशासन और परियोजना प्रबंधन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

परियोजना प्रबंधन ने कहा है कि फ्लशिंग ऑपरेशन पूरी तरह तकनीकी प्रक्रिया का हिस्सा है, इसलिए संभावित खतरे से बचाव के लिए सभी आवश्यक सावधानियां अपनाना आवश्यक है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा को प्राथमिकता दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *