तुंगनाथ ट्रेक पर गहरी खाई में गिरी महिला, रातभर चला सर्च ऑपरेशन

  • गणेश मंदिर के पास हादसे की सूचना, सोमवार सुबह फिर शुरू हुई महिला की तलाश.

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव दलों को मौके के लिए रवाना किया। देर रात तक डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा मित्र और पुलिस की टीमों ने खाई में महिला की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा और खाई की गहराई अधिक होने के कारण महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका। रात करीब 12:30 बजे अभियान रोकना पड़ा।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना मिली कि तुंगनाथ ट्रेक पर गणेश मंदिर के समीप एक महिला गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि, डीडीआरएफ ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल को भी सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। टीमों ने रात में ही घटनास्थल के आसपास और खाई में महिला की तलाश शुरू कर दी। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खाई की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

अंधेरा बढ़ने पर रोका गया अभियान

देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद महिला का पता नहीं चल सका। अंधेरा अधिक होने और मौके की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए करीब रात 12:30 बजे अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह रोशनी होने के बाद दोबारा सर्च अभियान शुरू करने की तैयारी की गई थी।

सोमवार सुबह फिर शुरू हुई तलाश

सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने एक बार फिर महिला की तलाश शुरू कर दी। टीमों की ओर से ट्रेक के आसपास के संभावित स्थानों के साथ ही गहरी खाई में भी सर्च किया जा रहा है। फिलहाल महिला की पहचान और उसके संबंध में अन्य जानकारी सामने नहीं आ सकी है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें महिला का पता लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। घटना के बाद तुंगनाथ ट्रेक पर सुरक्षा व्यवस्था और सर्च अभियान पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *