कलकत्ता हाई कोर्ट ने ऋतब्रत बनर्जी की नेता प्रतिपक्ष नियुक्ति रद्द की, स्पीकर को 10 दिन में नए फैसले का निर्देश

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर चल रहे विवाद में कलकत्ता हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति रद्द कर दी है। न्यायमूर्ति कृष्ण राव की एकल पीठ ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु के उस निर्णय को निरस्त कर दिया, जिसके तहत तीन जून को ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दी गई थी। अदालत ने स्पीकर को 10 दिनों के भीतर मामले में नए सिरे से निर्णय लेने का निर्देश दिया है।

हाई कोर्ट के इस फैसले से पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर राजनीतिक विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। इसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण कानूनी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिली थीं और वह राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी बनी थी। पार्टी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने का निर्णय लिया था। इस संबंध में नौ मई को पार्टी की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजा गया था, लेकिन आरोप है कि स्पीकर ने इस पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में पत्र पर विधायकों के हस्ताक्षर फर्जी होने का आरोप भी सामने आया।

इसी बीच, एक जून को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में ऋतब्रत बनर्जी और एंटाली के विधायक संदीपन साहा को तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया। इसके अगले दिन यानी तीन जून को बागी विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपकर ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग की। इसी पत्र के आधार पर स्पीकर ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दे दी थी।

स्पीकर के इस फैसले को चुनौती देते हुए शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में नेता प्रतिपक्ष के चयन में राजनीतिक दल के आधिकारिक निर्णय की अनदेखी किए जाने का मुद्दा उठाया गया था।

इस मामले में इससे पहले 18 अगस्त को हाई कोर्ट की खंडपीठ ने स्पष्ट किया था कि विधानसभा अध्यक्ष किसी राजनीतिक दल के सदस्य हो सकते हैं, लेकिन संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते समय उन्हें निष्पक्ष रहना आवश्यक है। नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक की नियुक्ति के मामलों में केवल विधायकों की संख्या ही नहीं, बल्कि संबंधित राजनीतिक दल के निर्णय को भी महत्व दिया जाना चाहिए।

सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति कृष्ण राव ने भी सवाल उठाया था कि 78 विधायकों की मांग को नजरअंदाज कर 54 या 56 विधायकों की राय को प्राथमिकता क्यों दी गई। अदालत ने स्पीकर से राजनीतिक दल के संविधान तथा नेता चयन संबंधी प्रस्ताव पर भी स्पष्टीकरण मांगा था।

शुक्रवार को दिए गए फैसले में हाई कोर्ट ने स्पीकर के पूर्व निर्णय को निरस्त करते हुए उन्हें 10 दिनों के भीतर सभी संबंधित पहलुओं पर विचार कर नए सिरे से निर्णय लेने का निर्देश दिया। अब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर आगे की स्थिति स्पीकर के नए फैसले पर निर्भर करेगी।

 

 

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *