एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई: धौरण और सहस्त्रधारा रोड पर अवैध निर्माण सील

देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धौरण रोड और सहस्त्रधारा रोड पर कई निर्माणों को सील कर दिया। शनिवार को हुई इस कार्रवाई में स्वीकृत मानचित्रों से छेड़छाड़ कर भवन निर्माण करने और बिना अनुमति दुकानें बनाने के मामले सामने आए।

एमडीडीए की टीम ने धौरण रोड स्थित आईटी पार्क के दून डिवाइन परिसर में मैसर्स युग रियल एलएलपी के निर्माण को सील किया। आरोप है कि छह स्वीकृत मानचित्रों के तहत प्रस्तावित निर्माणों को आपस में जोड़कर एक भवन बनाया जा रहा था।

वहीं, सहस्त्रधारा रोड के मंदाकिनी विहार में शुभ्रा राय द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाई जा रही तीन दुकानों और नॉर्थ साइड सिटी पार्क के पास साहनी द्वारा निर्माणाधीन चार दुकानों को भी सील कर दिया गया। प्राधिकरण के अनुसार, सभी मामलों में नियमानुसार वाद दायर करने और संबंधित पक्षों को सुनवाई का अवसर देने के बाद कार्रवाई की गई।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर के नियोजित विकास से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण या स्वीकृत नक्शे में मनमाने बदलाव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने भवन निर्माणकर्ताओं से आवश्यक स्वीकृतियां लेने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करने की अपील की।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *