विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने जारी किया धामी सरकार का पांच साल का रिपोर्ट कार्ड
देहरादून। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि भाजपा जनता के आशीर्वाद से उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा वर्ष 2022 में भी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी और अब सरकार अपने कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रख रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने पांच साल में सरकार बदलने के मिथक को तोड़ते हुए भाजपा को लगातार दूसरी बार सत्ता में आने का अवसर दिया। सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम किया है और जिन वादों पर अभी काम चल रहा है, उन्हें भी पूरा करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
धामी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं शुरू से स्पष्ट रही हैं। युवाओं को रोजगार, महिलाओं का सशक्तीकरण, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के ढांचे को मजबूत करना सरकार के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहा है। कोरोना महामारी के दौरान पर्यटन और परिवहन क्षेत्र को राहत देने के लिए 200 करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया, जबकि चिकित्सा क्षेत्र को 205 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। महामारी में माता-पिता को खोने वाले बच्चों के संरक्षण और सहायता के लिए मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना शुरू की गई।
मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का जिक्र करते हुए कहा कि नकल पर अंकुश लगाने के लिए सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया है। सरकार ने 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके अलावा युवाओं के लिए जर्मनी और जापान में रोजगार के अवसर तलाशने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। युवा आयोग के गठन की प्रक्रिया चल रही है, जबकि स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी दी जा रही है।
महिला सशक्तीकरण और आवास योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। देवभूमि परिवार योजना के तहत परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला को परिवार का मुखिया मानने की व्यवस्था की गई है, जिससे परिवार में महिलाओं की भूमिका को प्राथमिकता मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश को जल्द ही 50 हजार मकान मिलने जा रहे हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। राज्य में अब तक 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास कर रही है। धामी ने प्रदेश की महत्वाकांक्षी जल परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जमरानी बांध परियोजना लंबे समय से चर्चा में रही है। बचपन से ही इस परियोजना

