बिसलेरी के पैकेज्ड पानी पर FASI की सख्ती, गोवा प्लांट के सैंपल जांच में असुरक्षित, कंपनी के खिलाफ मुकदमे को मंजूरी
नई दिल्ली। देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के प्रमुख ब्रांड बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने कंपनी के गोवा स्थित विनिर्माण संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड पेयजल के नमूने को जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत दी गई इस मंजूरी के बाद कंपनी के खिलाफ न्यायिक कार्यवाही का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, अभियोजन की मंजूरी को कंपनी की दोषसिद्धि नहीं माना जा सकता। मामले में अंतिम फैसला अदालत की प्रक्रिया के बाद ही होगा।
एफएसएसएआई की कार्रवाई गोवा स्थित बिसलेरी संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नियामकीय नमूने से संबंधित है। जांच में पानी के भीतर रासायनिक अशुद्धियां पाए जाने की बात सामने आई है। शुरुआती प्रयोगशाला जांच में नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक दर्ज की गई थी। पानी में ब्रोमेट की स्वीकार्य सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर निर्धारित है, जबकि बिसलेरी के नमूने में इसकी मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई।
ब्रोमेट एक ऐसा रासायनिक यौगिक है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संभावित कैंसरकारी तत्वों की श्रेणी में रखा गया है। इसी वजह से पेयजल में इसकी मौजूदगी और निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा को स्वास्थ्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जाता है।
रेफरल लैब की जांच में भी नमूना असुरक्षित
शुरुआती जांच के नतीजों पर कंपनी की ओर से आपत्ति जताए जाने के बाद नमूने को आगे की जांच के लिए रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया। वहां की जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (पीएएच) की मौजूदगी सामने आई। इसके बाद रेफरल प्रयोगशाला ने भी नमूने को असुरक्षित घोषित किया। दोनों स्तरों की जांच के निष्कर्षों के आधार पर एफएसएसएआई ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है।
बिसलेरी ने दी सफाई, स्वतंत्र जांच का दिया हवाला
वहीं, नियामक की कार्रवाई के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी के मुताबिक, वह अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कड़े गुणवत्ता नियंत्रण और नियमित परीक्षण की व्यवस्था अपनाती है।
कंपनी ने स्वीकार किया कि गोवा संयंत्र से पिछले वर्ष लिए गए एक नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया था, जो निर्धारित 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की सीमा से कुछ अधिक था। हालांकि, कंपनी का दावा है कि उसके द्वारा कराई गई स्वतंत्र प्रयोगशाला जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित स्वीकार्य सीमा के भीतर पाया गया। कंपनी ने कहा है कि वह नियामकीय प्रक्रिया में सहयोग कर रही है और उचित कानूनी माध्यम से इस मामले का समाधान करेगी।
पैकेज्ड पेयजल कंपनियों पर बढ़ रही निगरानी
बिसलेरी के खिलाफ यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर नियामक संस्थाएं सख्ती बढ़ा रही हैं। एफएसएसएआई की ओर से खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली विभिन्न कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। हाल के दिनों में कई खाद्य कारोबारियों के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी, लाइसेंस निलंबन और उत्पादों को बाजार से वापस मंगाने जैसे कदम उठाए गए हैं।
उत्तराखंड में भी पैकेज्ड पेयजल की गुणवत्ता को लेकर कार्रवाई हो चुकी है। जुलाई 2025 में हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरने के कारण एक वितरक से 120 सीलबंद बोतलें जब्त की थीं। इसके साथ ही बाजार से 250 बोतलें वापस मंगवाई गई थीं।
गौरतलब है कि एफएसएसएआई ने अक्टूबर 2024 में पैकेज्ड पेयजल और मिनरल वाटर के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) प्रमाणीकरण की अनिवार्यता समाप्त कर दी थी। इसके बाद गुणवत्ता नियंत्रण के लिए परीक्षण आधारित व्यवस्था पर जोर दिया गया। एक जनवरी 2026 से लागू परीक्षण योजना के तहत निर्माताओं को निर्धारित अंतराल पर उत्पादों की जांच, बैचवार रिकॉर्ड रखने और मानकों पर खरा नहीं उतरने की स्थिति में सुधारात्मक कदम उठाने की जिम्मेदारी दी गई है।
बिसलेरी के खिलाफ शुरू होने वाली कानूनी प्रक्रिया अब पैकेज्ड पेयजल उद्योग के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस मामले में अदालत का फैसला न केवल कंपनी की कानूनी स्थिति तय करेगा, बल्कि पेयजल निर्माताओं के गुणवत्ता नियंत्रण और नियामकीय अनुपालन को लेकर भी अहम संदेश दे सकता है।

