चिन्यालीसौड़ में किसान ऋण मेले का आयोजन, 111 किसानों को बांटे 1.05 करोड़ रुपये के ऋण
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड और सहकारिता विभाग की ओर से चिन्यालीसौड़ विकासखंड कार्यालय परिसर में किसान ऋण मेला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने की। मेले के दौरान बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत 111 किसानों एवं अन्य लाभार्थियों को कुल 105.21 लाख रुपये (करीब 1.05 करोड़ रुपये) के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भागीरथी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रामसुन्दर नौटियाल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र राणा, बैंक के उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह, संचालक पूनम रमोला, नितीश रमोला और मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र गौड़ मौजूद रहे।
किसान ऋण मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों, व्यापारियों, लघु उद्यमियों, आम नागरिकों और स्वरोजगार की दिशा में काम कर रहे लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें सरल और सुलभ बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना रहा। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि सहकारी बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। बैंक ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। किसान ऋण मेले के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक बैंक की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि रामसुन्दर नौटियाल ने जिला सहकारी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसान ऋण मेले जैसे आयोजन आमजन को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से किसानों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बैंकिंग योजनाओं का लाभ लेने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में जिला सहायक निबंधक, बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक सहित सहकारिता विभाग और बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। अंत में बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए बैंक की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

