अंकिता भंडारी प्रकरण पर लैंसडौन विधायक का बयान घाव पर नमक छिड़कने जैसा: सूर्यकांत धस्माना
- पीड़ित परिवार को दी गई राहत राशि अपराध की माफी नहीं.
- भाजपा बताए—क्या VIP को बचाने की शर्त पर दिया गया मुआवजा?
देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत के बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने विधायक के बयान को पीड़ित परिवार के घावों पर नमक छिड़कने वाला बताते हुए इसे भाजपा की कथित महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया है।
धस्माना ने भाजपा से सवाल किया कि क्या अंकिता भंडारी के परिवार को दी गई राहत या मुआवजा राशि इस शर्त पर दी गई थी कि मामले में कथित वीआईपी के नाम के खुलासे और उसकी भूमिका की जांच की मांग नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को दी गई कोई भी आर्थिक सहायता किसी अपराध की माफी नहीं हो सकती और न ही इससे मामले में न्याय की मांग समाप्त हो जाती है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार द्वारा दी गई मुआवजा राशि भाजपा के किसी निजी खाते से नहीं, बल्कि सरकारी खजाने से दी गई है, जिसमें जनता के खून-पसीने की कमाई शामिल है। इसलिए राहत राशि को आधार बनाकर पीड़ित परिवार या न्याय की मांग उठाने वालों पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है।
सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा बार-बार किसी न किसी बहाने अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित रूप से जुड़े असली अपराधियों और वीआईपी की भूमिका से जुड़े सवालों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और मामले में सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती रहेगी।
धस्माना ने दावा किया कि कांग्रेस के सत्ता में वापस आने पर अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े सभी सवालों की जांच कराकर दोषियों को सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि पूरे मामले में न्याय मिलना सबसे महत्वपूर्ण है।
अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है और भाजपा तथा कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

