उत्तराखंड में चार दिन का अलर्ट, कई जिलों में बिजली गिरने और तेज बारिश की चेतावनी
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड में 24 से 27 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज से अति तीव्र वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील इलाकों में एहतियात बरतने की सलाह दी है।
24 जुलाई को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अति तीव्र बारिश के दौर पड़ सकते हैं, जबकि मैदानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
25 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
26 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र वर्षा और मैदानी क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
27 जुलाई को नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
