चलती बस में लगी भीषण आग, ऋषिकेश से जयपुर जा रही थी वोल्वो बस 

बहादराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ऋषिकेश से जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई।

हादसे के समय बस में 32 यात्री सवार थे, जिनमें ब्राजील की दो विदेशी महिला यात्री भी शामिल थीं। अचानक आग लगने से बस में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे रोका।

सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पुलिस और दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

हालांकि कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस जलकर खाक हो गई। बस में पीछे रखा यात्रियों का सामान भी जल गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।

थाना प्रभारी के अनुसार, सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनके गंतव्य के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है। घटना के दौरान दोनों विदेशी महिला यात्रियों ने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर पहुंची पुलिस टीम की वजह से उनकी जान बच सकी।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *